टिहरी गढ़वाल के गूलर पुल के पास मंगलवार सुबह करीब 4:50 बजे एक दर्दनाक बस हादसा हो गया। विश्वनाथ सेवा की बस हरिद्वार से 34 यात्रियों को लेकर जोशीमठ जा रही थी। गूलर पुल के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 70 फीट गहरी खाई में गूलर गाड़ नदी में गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे। शिवपुरी से आईटीबीपी की टीम भी रेस्क्यू में शामिल हुई। करीब एक घंटे के भीतर सभी घायलों को निकालकर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।
इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 7 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि 2 लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में बस चालक राजेंद्र सिंह और हेल्पर अनुज भंडारी भी शामिल हैं। 25 घायलों का एम्स ऋषिकेश में इलाज चल रहा है, जिनमें 3 साल की मासूम आयरा भी शामिल है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज एम्स ऋषिकेश पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों के इलाज की जानकारी ली और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी टिहरी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का पर्यवेक्षण किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
