देहरादून | अंकिता भंडारी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अंकिता के माता-पिता की तहरीर पर राजपुर थाने में विनोद आर्य और अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो FIR दर्ज की गई है। इस FIR को अब हरिद्वार जिले में ट्रांसफर किया जाएगा।
बता दें कि आज सुबह से ही अंकिता के माता-पिता गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए थे। उनका आरोप था कि पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ राजपुर थाने में दी गई शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने धरना दिया।अंकिता के परिजनों के धरने को समर्थन देने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के कई नेता भी गांधी पार्क पहुंचे।
धरने के बाद अंकिता के परिजन अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) से मिले। मुलाकात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जीरो FIR दर्ज की।परिजनों का कहना है कि प्रेस वार्ता के दौरान अंकिता के चरित्र को लेकर टिप्पणी की गई थी, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुईं। इसी मामले में उन्होंने कार्रवाई की मांग की थी।
