दिल्ली पुलिस ने एसडीआरएफ पुलिस कर्मियों को 10 हजार के नगद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र से किया सम्मानित

देहरादून : उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) में नियुक्त कर्मठ जवान हेड कांस्टेबल रवि चौहान एवं फायरमैन प्रवीण चौहान को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया है।

स्पेशल कमिश्नर मनीष अग्रवाल, IPS, संचालन, प्रौद्योगिकी एवं योजना क्रियान्वयन, दिल्ली पुलिस द्वारा दोनों SDRF कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र एवं ₹10,000 की नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया व इनके निस्वार्थ सेवा भाव की प्रशंसा की।

श्री बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन होने से यात्रा मार्ग कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया था। मनीष कुमार अग्रवाल द्वारा देखा गया कि SDRF के ये दोनों जवान निस्वार्थ भाव से कर्तव्य पथ पर डटे हुए थे और बाधित मार्ग को खुलवाने के साथ ही यात्रियों को भी सुरक्षित मार्ग पार करा रहे थे। किसी भी आधिकारिक उपस्थिति से बेखबर इन दोनों ने समान रूप से सभी यात्रियों को कुशलतापूर्वक अवरूद्ध मार्ग पार कराया।

ये भी पढ़ें:  प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों का मानदेय जल्द बढ़ाया जाएगा : मुख्यमंत्री

उत्तराखण्ड एसडीआरएफ के कार्मिकों को विशेष सम्मान मिलने पर पुलिस महानिरीक्षक, एसडीआरएफ उत्तराखंड, श्री अरुण मोहन जोशी ने दोनों कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि, “एसडीआरएफ के जवान हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा व राहत कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। यह सम्मान न केवल दोनों कार्मिकों की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि सम्पूर्ण बल के लिए गर्व का विषय है। इस प्रकार के सम्मान से अन्य कार्मिकों को भी कर्तव्यनिष्ठा व साहस के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। मैं उम्मीद करता हूँ कि भविष्य में भी हमारी टीम इसी प्रकार समर्पण के साथ प्रदेशवासियों एवं तीर्थयात्रियों की सेवा करती रहेगी।”

ये भी पढ़ें:  विधानसभा सत्र के लिए गैरसैंण आगमन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य स्वागत

मुख्य आरक्षी रवि चौहान (जन्म तिथि- 20-10-1985), वर्ष 2007 तथा आरक्षी प्रवीण चौहान (जन्म तिथि-05-03-1990), वर्ष 2012 में उत्तराखण्ड पुलिस में चयनित हुए थे जिसके उपरांत इनके द्वारा फायर सर्विस में नियुक्त रहते हुए सेवाएं दी गयी। वर्ष 2016 में SDRF में प्रतिनियुक्ति पर आने के बाद इन्होंने बेसिक कोर्स के साथ ही माउंटेनियरिंग के एडवांस कोर्स भी प्रमुखता से किये। वर्ष 2018 में एवरेस्ट आरोहण करना इनकी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है। इसके साथ ही द्रोपदी का डांडा, सहस्त्रताल रेस्क्यू, पिंडारी ग्लेशियर, लमखागा पास, सुंदरडूगा जैसे हाई एल्टीट्यूड क्षेत्रों में इनके द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए कई लोगों का जीवन सुरक्षित किया गया ।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ को दी 284 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात

एसडीआरएफ में नियुक्त रहते हुए इनके द्वारा कई रेस्क्यू ओपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई, ये एसडीआरएफ का महत्वपूर्ण अंग है । इनके द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा भी इन्हें सम्मानित किया गया है ।

इस सुअवसर पर आईजी अरुण मोहन जोशी द्वारा इनकी सराहना की व निर्देशित किया गया कि एसडीआरएफ सेनानायक द्वारा दोनों कार्मिकों को यह सम्मान वाहिनी मुख्यालय में सैनिक सम्मेलन के दौरान औपचारिक रूप से प्रदान किया जाएगा, ताकि उनकी सेवा भावना का सार्वजनिक रूप से सम्मान हो और अन्य कार्मिकों को भी प्रेरणा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *