देहरादून |देहरादून से बड़ी खबर सामने आई है जहां UKSSSC पेपर लीक मामले में ED ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व सीएम हरीश रावत के करीबी चंदन सिंह जीना के घर पर ED ने छापा मारा है। तलाशी के दौरान 32 लाख रुपये कैश और सोना बरामद हुआ है।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की VPDO परीक्षा-2016 में हुई कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने शिकंजा कस दिया है। ED के देहरादून सब-जोनल कार्यालय ने 10 सितंबर को देहरादून में कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के OSD और PA रहे चंदन सिंह जीना के आवास से बड़ी बरामदगी हुई है। सूत्रों के मुताबिक ED को तलाशी में करीब 32 लाख रुपये की नकदी, 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन के अलावा 12 लग्जरी घड़ियां मिली हैं।
ED के मुताबिक ये कार्रवाई विजिलेंस थाने में दर्ज FIR और उससे जुड़ी तीन अन्य FIR के आधार पर की गई है। ED ने तत्कालीन UKSSSC अध्यक्ष-सचिव, परीक्षा नियंत्रक और OMR शीट प्रोसेस करने वाली निजी एजेंसी के मालिकों के ठिकानों पर भी छापेमारी की है।
बताया जा रहा है कि चंदन सिंह जीना 2014 से 2017 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD और PA के पद पर तैनात थे।फिलहाल ED ने बरामद कैश और ज्वैलरी को जब्त कर लिया है और वित्तीय लेन-देन की जांच तेज कर दी है।
