देहरादून | आज उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर छात्रों के संघर्ष और उनकी लोकतांत्रिक जीत के सम्मान में धर्मपुर विधानसभा के बंगाली कोठी चौक पर विजय मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र, युवा, अभिभावक एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
विजय मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, छात्रों के अधिकारों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की मांग उठाई। इस अवसर पर केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारे लगाए गए और छात्रों के आंदोलन के समर्थन में अपनी एकजुटता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर ज्योति रौतेला ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई संसद से लेकर सड़क तक लड़ रहे हैं। उन्होंने छात्रों की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया है और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर किया है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि यह विजय मार्च उन सभी छात्रों के साहस, संघर्ष और एकता को समर्पित है जिन्होंने अपने भविष्य और अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज़ बुलंद की। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज़ को दबाने के बजाय उसका सम्मान किया जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि प्रधानमंत्री देश के छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, आंदोलन के दौरान छात्रों पर बर्बरता करने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा आंदोलन में शामिल किसी भी छात्र के खिलाफ किसी प्रकार की दंडात्मक या अनुशासनात्मक कार्रवाई न की जाए।
उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।
