उत्तराखंड में अगले 48 घंटे बेहद खतरनाक! 5 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, CM धामी का सख्त आदेश

देहरादून | उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर टेंशन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद सरकार पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से बात कर सभी जिलों और विभागों को 24X7 अलर्ट मोड पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। CM ने कहा है कि रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से पूरी तैयारी रखी जाए।

वहीं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने भी मौसम की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को पैनी नजर रखने को कहा है।

कहां-कहां है अलर्ट?

26 सितंबर को -बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में रेड अलर्ट है। जबकि देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट और हरिद्वार, उत्तरकाशी, टिहरी में येलो अलर्ट जारी है।

27 सितंबर को -देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार में रेड अलर्ट, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट और बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पहाड़ों में भूस्खलन, सड़कें बंद होने, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

प्रशासन की तैयारी:

सचिव आपदा प्रबंधन ने सभी 13 जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए हैं कि –

1. सभी जिला आपातकालीन संचालन केंद्र 24 घंटे एक्टिव रहें।

2. नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए।

3. भूस्खलन वाले क्षेत्रों में JCB और मशीनरी पहले से तैनात रखी जाए।

4. पुलिस, SDRF, अग्निशमन, स्वास्थ्य, PWD, बिजली-पानी विभाग आपस में लगातार संपर्क में रहें।

5. चारधाम यात्रा मार्ग और पर्यटन स्थलों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी रखी जाए।

साथ ही जनता से अपील की गई है कि मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करें, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1070, जिला केंद्र के 1077 या आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *