लखनऊ: गोंडा में वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाषचंद्र मिश्रा की निर्मम हत्या के विरोध में आज लखनऊ उच्च न्यायालय परिसर में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया। यह विरोध प्रदर्शन यूथ बार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अधिवक्ता हिमांशु पाठक के अगुवाई में संपन्न हुआ।
प्रदर्शन में तमाम वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर अपना सहयोग और समर्थन दर्ज कराया। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सभी हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो आने वाले समय में एक बड़ा और निर्णायक आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट को शीघ्र लागू करने की जोरदार मांग की, ताकि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से अधिवक्ता हिमांशु पाठक, यशपाल, बृजभूषण सिंह, कुशाग्र सिंह, अमित गुप्ता, सौरभ राय, अखिलेशानंद पांडेय, आनंद गिरी बाबा, ओपी तिवारी, रीना राजपूत, तनु पंडित, संदीप यादव, नदीम खान, केशरीनंदन, राम सिंह सहित अनेक अधिवक्ता साथी उपस्थित रहे।
अधिवक्ता समुदाय ने शासन-प्रशासन से मांग की कि दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, अन्यथा प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए अधिवक्ता बाध्य होंगे।
