हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह ने पुनः की शंकराचार्य सदानंद महाराज से मुलाकात

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण में न्यायालय में चल रही प्रक्रिया और श्रीकृष्ण जन्मभूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रस्तुत साक्ष्यों को लेकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज से पुनः मुलाकात की। इस दौरान न्यायालय में चल रही कार्यवाही और हिंदू पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

दरअसल, महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट इससे पूर्व भी शंकराचार्य जी से मिले थे। उस समय शंकराचार्य जी ने न्यायालय में सुनवाई के बाद उन्हें पुनः वार्ता के लिए बुलाया था। इसी क्रम में हुई इस मुलाकात में श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण की न्यायिक प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। महेंद्र प्रताप सिंह ने प्रकरण से जुड़े तथ्यों और न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों की जानकारी दी।

शंकराचार्य सदानंद सरस्वती जी महाराज ने प्रस्तुत साक्ष्यों के एक-एक बिंदु को समझते हुए प्रकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने अपने पूर्व के वक्तव्य को दोहराते हुए कहा कि विधर्मियों ने सनातन धर्म के केंद्रों को निशाना बनाया और हिंदुओं पर जुल्म किए। जुल्म करने वाले महान कैसे हो सकते हैं?

शंकराचार्य जी ने कहा कि विधर्मियों द्वारा कब्जाए गए सभी मंदिर हिंदुओं को वापस मिलने चाहिए। मुलाकात में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए जारी न्यायिक संघर्ष और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ। उनके साथ फिल्म डायरेक्टर विजय पाल सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *